सम्पन्नता ,प्रभुता ,धन देने वाली
माता लक्ष्मी को सहस्त्र नमन
नतमस्तक हो संसार पूजता
पूर्ण श्रद्धा से लेकर पवित्र मन ।
ऐश्वर्य के अभिमान में डूब
माता ने कहा जगदीश से यूँ
सबको सुख समृद्धि देती
प्रथम पूज्य नहीं हूँ क्यूं।
भान कर छिपे अभिमान को
माता लक्ष्मी के मन के अंदर
कहा विष्णु ने समझा कर
ऐसे वचन अति सुन्दर ।
महालक्ष्मी हैं आप सही में
सबको धन दौलत देतीं
परन्तु आप माँ तो नहीं हैं
जो संतान रूपी धन देती।
बिन माता बने आप भी
सर्वश्रेष्ठ नहीं बन सकतीं
इसीलिए ये कामना आपकी
कभी पूरी नहीं हो सकती।
पुत्र प्राप्ति की कामना लेकर
माँ लक्ष्मी चल दीं कैलाश
शिव पार्वती को बताया
अपनी ये समस्या खास ।
माता पार्वती ने खुशी खुशी
कहा गणपति को ले जाइये
अपना दत्तक पुत्र बना कर
संग संग पूजन करवाइये ।
पाकर पुत्र माँ लक्ष्मी प्रसन्न हुईं
साथ कर लिया गणेश को अपने
तीव्र गति से आये पृथ्वी पर
पूरा करने प्रथम पूज्य के सपने ।
प्रथम पूज्य बुद्धि विशारद गणेश
पुत्र बन बैठे लक्ष्मी के संग में
विवेक से उपार्जन खर्च करने
का संदेश देने लगे जन में।
बुद्धि हीन जन की लक्ष्मी
उसे डुबो कर ही मानती है
उलटे सीधे कार्य करवा कर
बर्बाद करने को ठानती है।
आना लक्ष्मी संग गणेश का
शुभ लाभ दोनों देता है
ऐश्वर्य से परिपूर्ण करता
सुख शांति लेकर आता है।
करते रहते हम पूजा जग में
दोनों को बिठाते साथ साथ
धनराशि को उचित दिशा देते
द्विगुणित कर देते रातों रात।
दायें लक्ष्मी बायें गणेश बैठते
पूजा लेकर आशीष देते
धन दौलत ढंग से खर्च करते
आय व्यय की रक्षा करते ।
विद्या
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
एक उत्तर दें