Eternal Learner

“ भाई दूज”

↳

पारम्परिक त्योहार हमारा

भाई बहन का अटूट बंधन

भाई की मंगल कामना हेतु

यमराज से लड़ लेती बहन।

यम और यमी की कथा से

प्रेरित प्यारा त्योहार है ये

इस पवित्र बंधन का मूल्य

परम्परा का उपहार है ये।

कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को

यमराज यमी के घर आये थे

अपनी व्यस्त दिनचर्या से

कुछ काल निकाल पाये थे।

किया था यमी ने सहज समादर

भाँति भाँति के व्यंजन खिलाये

तिलक आरती से पूजा कर

भाई को बजरी भी खिलाये।

बज्र जैसा शक्ति शाली बने

कोई संकट न आ पाये

दीर्घायु ऐश्वर्य वान बने

भाभी का अहिवात बढता जाये।

इसी परम्परा का पालन करने

बहनें इस दिन गोधन कूटती हैं

भाई को दीर्घायु बनाने हेतु

गाली देकर फिर काँटे चुभोतीं हैं।

बहन के घर भोजन करने से

देने से उसको कुछ उपहार

भाई प्रगति करता जाता

पार कर जाता संकट अपार ।

बहन का सहारा होता भाई

उसके संकट के काल में

बहन चाहती सब दिन रहे

मेरा मायका खुशहाल में।

भाई से भतीजे तक बेटी

आस लगाये रखती है

अपने मायके की हेठी

कभी नहीं सह सकती है।

गरीब या अमीर हो बहन

श्रद्घा प्रेम से भरी रहती

भाई का नहाते केश न टूटे

यही कामना करती रहती।

स्नेह बंधन की परम्परा को

हमें बचाये रखना चाहिये

महान सनातन संस्कृति को

जागृत बनाये रखना चाहिये।

विद्या

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

··················

टिप्पणियाँ

एक उत्तर दें