किन रिश्तों को अपना कहना
किन किन को कहें पराया
ताने बाने रच रच कर के
जीवन को यूँ ही गँवाया।
रिश्ते रिसने लगते जब
खो जाती ये समझदारी
कौन किसका किस तरह से
लेकर रहता हिस्से दारी।
भाव बदलते देर न लगती
पल में तोला पल में माशा
हंसती हुई इस जिन्दगी में
छा जाती घोर निराशा ।
मानक सुख दुख के क्षण का
ऐसे क्रम से आना जाना
रिश्तों की होती परीक्षा
रो रो रहना फिर मुस्काना।
भँवर जाल सा फैलते रिश्ते
दूर दूर होते ही जाते
कितना चाहो इसे पकड़ना
पर हाथ नहीं ये आते।
अपने ही रचे जाल में
घुटन भरा जीवन जीना
धुँधलाते रिश्तों का दंश
हृदय में छुपा कर जीना।
कितने सारे अनमोल भाव
उमड़ कर आते रहते
धुँधलाते रिश्तों की बातें
चुपके से कानों में कहते ।
स्मृति भांडार भरा पड़ा है
मीठी मीठी यादों से
प्यारे प्यारे सपनों से
सुनहले रूपहले वादों से।
चाल काल की चीर रही है
रिश्तों बीच गहरी खाई
चमकते रिश्ते धूमिल हो रहे
आफ़त जीवन में आई।
विद्या
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
एक उत्तर दें