Eternal Learner

“अगहन का आंगन”

↳

वर्षा बीती शरद आई

आगया अगहन प्यारा

कतकी पूनो निकल गई

घर आँगन जगमगाया।

आषाढ़ में जो डाले बीज

पर कर तैयार हो गये

पके धान के अनेक टाल

अपने द्वार पर सज गये।

टाल लगने के पहले

आंगन को लीपना था

कंकड़ पत्थर को हटा कर

चिकना चाक बनाना था।

सब बनिहारिन बारी बारी

गोबर मिट्टी ले आती

आंगन ख़मार को पूरी तरह

साफ़ सुथरा बना जाती।

अपनी – अपनी जगह छेक

वे टाल लगाते ही जाते

पीट – पीट कर धान छुड़ाने

की तैयारी में लग जाते ।

आंगन वाला नीम भी

ख़ुशी से फूले न समाता

हरे पीले पत्ते निंबोली से

आंचल इसका भर जाता।

घर आँगन खमार अपना

लोग बाग जन बनिहार

गाँव दियार क्षेत्र राज्य

सब अपनों का संसार।

सुबह सकारे चार बजे ही

डंगनी शुरू होने लगती

मनो मन धान के ढेर

खमार पर सजने लगते।

दिन भर परिश्रम कर के

जो ढेर तैयार होता

संध्या होते होते फिर

उसका बँटवारा होता।

आधे आधे बाँट लेते

मालिक और बनिहार

ढो ढो कर घर भरते

अपनी उपज अपना आहार।

अगहन का आंगन भरता

चहल पहल से नित रोज

पति पत्नी बाल बच्चे सब

आनंदित होते भर कर ओज।

विद्या

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

··················

टिप्पणियाँ

एक उत्तर दें